सेंट्रल डेस्क। मध्यप्रदेश की उज्जैन पुलिस ने देश के कई राज्यों में लोगों को चूना लगाकर फरार हुई कंपनी tradezone.us.com के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने का दावा किया है। हालांकि एमएलएम लीडर्स का दावा है कि वो खुद बनारस जाकर उसे पकड़कर उज्जैन लाए हैं। पकड़ा गया मास्टमाइंड बीएससी प्रथम वर्ष का स्टूडेंट है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बनारस निवासी बीएससी प्रथम वर्ष के एक छात्र ने ट्रेडजोन नामक कंपनी खोली। कंपनी को केलीफोर्निया की दर्शाकर उसकी साइट पर मल्टीनेशनल कंपनियों के विज्ञापन डाले। फिर साथियों व फर्जी नामों से बैंकों में खाते खोलकर कई राज्यों में एजेंसी दे दी।
मोटे कमीशन के लिए डीलरों ने लोगों को विज्ञापनों पर क्लिक कर हजारों रुपए महीना मिलने का लालच दिया। लोगों को हजारों रुपए में आईडी कोड दिए। शुरू में कंपनी ने लोगों को रुपए दिए। जनवरी से शहर में ऑफिस बंद होने पर लोगों ने कंपनी डीलर व संचालकों पर धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज करवा दिए।
पुलिस ने कुछ डीलरों को पकड़ा लेकिन संचालक हाथ नहीं आए। आठ दिन पहले खाराकुआं के रिंकेश त्रिपाठी व महेश चौहान बनारस गए। वहां से जांच के बाद कंपनी संचालक छात्र व उसके तीन साथियों को पकड़कर मंगलवार को ले आए। हालांकि पुलिस इन्हें इंदौर से पकडऩा बताती रही है। एएसपी मुजाल्दे ने पूछताछ के बाद बुधवार को खुलासे की बात कही है।
समाचार लिखे जाने तक गिरफ्तार हुए स्टूडेंट के नाम का खुलासा नहीं किया गया था। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि इस मामले में यूपी एवं बिहार से कुल 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है परंतु पुलिस ने अभी तक केवल एक ही स्टूडेंट की गिरफ्तारी की घोषणा की है।






0 comments:
Post a Comment